संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। तहसीलदारों की हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार को तहसील कार्यालयों में फिर से रौनक लौट आई। विभिन्न तहसीलों और उप-तहसीलों में कामकाज सुचारू रूप से शुरू हो गया। प्रशासन के अनुसार, पहले दिन जिलेभर में कुल 61 रजिस्ट्रियां हुई हैं।
हड़ताल के कारण लंबित पड़े कार्यों को निपटाने के लिए सुबह से ही लोग तहसील कार्यालयों में पहुंचने लगे थे। जिला मुख्यालय स्थित कैथल तहसील में सबसे अधिक चहल-पहल रही, जहां दिनभर में 17 रजिस्ट्रियां संपन्न हुईं। तहसीलदार रविंद्र हुड्डा ने बताया कि सभी टोकनधारकों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए गए और शाम तक कोई भी टोकन लंबित नहीं रहा। कैथल, पूंडरी, कलायत और गुहला के साथ ही राजौंद, ढांड और सीवन उप-तहसीलों में भी कार्य सामान्य रूप से शुरू हो गया।