कैथल। नगरपालिका कर्मचारी संघ की ब्लॉक कमेटी कैथल ने सुबह छह बजे थाली बजाकर राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के नाम एसएचओ अशोक कुमार व विधायक लीलाराम को उनके निवास पर ज्ञापन दिया। कर्मचारियों ने मानदेय में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन देने के लिए कर्मचारी सुबह फायर स्टेशन पिहोवा चौक पर इकट्ठा हुए। इसके बाद पिहोवा चौक से सर छोटू राम चौक, कुरुक्षेत्र रोड होते हुए विधायक निवास और उसके बाद चरणदास मार्ग, अंबाला रोड से होते हुए मंत्री कमलेश ढांडा के निवास पर ज्ञापन दिया। नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य मुख्य संगठन कर्ता व एसकेएस के जिला प्रधान शिवचरण, राज्य उपप्रधान राजेन्द्र सिणंद, एसकेएस के जिला सचिव मास्टर रामपाल शर्मा, केन्द्रीय कमेटी सदस्य जयप्रकाश, जिला प्रधान गौरव टांक ने कहा कि राज्य सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों की मांगों को लगातार लटकाया जा रहा है। इसे बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। शीघ्र ही नगर पालिका कर्मचारी आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर 28 मई को विभिन्न विभागों के कर्मचारी जींद में होनी वाली रैली में बढ़चढ़कर भाग लेंगे। इस अवसर पर विजय गिल, लक्की पुहाल, चहत लोट, सुशील कुमार चिट्टा, जगदीश कुमार, सूखा नोच, सुरेंद्र कुमार व अनिल टांक मौजूद रहे।