संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दशहरा पर्व 12 अक्तूबर यानी शनिवार को मनाया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए रावण समेत कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। कैथल शहर के चंदाना गेट स्थित दशहरा मैदान में इस बार भी तीनों पुतलों का दहन किया जाएगा। इनमें रावण का सबसे बड़ा पुतला 51 फीट का होगा। कुंभकर्ण का पुतला 41 फीट और मेघनाद का 31 फीट ऊंचा बनाया जा रहा है।
यह आयोजन श्री राम सेवा समिति की ओर से किया जाएगा। इसके अलावा शहर के कई अन्य इलाकों में भी युवाओं की ओर से अपने स्तर पर रावण के पुतले तैयार करवाए गए हैं। ये पुतले 11 फीट से लेकर 31 फीट तक के हैं। चंदाना गेट स्थित रामलीला मैदान में अलावा डोगरा गेट, बोढान मोहल्ला व अन्य कई कॉलोनियों में रावण के पुतलों का दहन भगवान हनुमान के स्वरूप धारण करे युवाओं की ओर से किया जाएगा।
तीन पुतलों का दहन किया जाएगा, मुस्लिम कारीगर कर रहे तैयार ः श्री राम सेवा समिति के प्रधान संदीप सैनी ने बताया कि पिछले साल की तरह समिति की ओर से इस बार भी चंदाना गेट स्थित दशहरा मैदान में तीन पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके लिए यूपी से पहुंचे कारीगर पुतले तैयार कर रहे हैं। इस बार भी पिछले साल की तरह ही भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
संदीप सैनी ने बताया कि इन पुतलों को यूपी के मुज्जफरनगर से पहुंचे मुस्लिम कारीगर अनवर खान और अख्तर खान तैयार कर रहे हैं।
अनवर खान ने बताया कि वे कैथल में पिछले करीब 15 सालाें से पुतले तैयार करने के लिए पहुंचते हैं। इस बार उन्होंने कैथल के साथ ही पिहोवा, चीका, इंद्री और कुरुक्षेत्र में जलाए जाने वाले पुतलों को भी तैयार किया है। बताया कि उनकी ओर से तैयार किए जा रहे एक पुतले पर करीब 40 से 45 हजार रुपये के पुतले का खर्च आता है।