संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। रेलवे रोड स्थित कैंची चौक से महिला कॉलेज के बीच नाले की सफाई के बाद निकली गंदगी और कीचड़ का ढेर दुकानों के सामने छोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय दुकानदारों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है।
दुकानदार मनदीप, सन्नी, अमित कुमार, रजत, प्रदीप और सुरेश ने बताया कि कुछ दिन पहले नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से दुकानों के बाहर नाले की सफाई करवाई गई थी। सफाई के बाद नाले से निकली गंदगी और कीचड़ को वहीं छोड़ दिया गया।
व्यापारियों ने बताया कि उनकी दुकानों के बाहर डाले गए मलबे के कारण ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थिति यह है कि खुद दुकानदारों को भी दुकानों में आना-जाना मुश्किल हो गया है। दुकानदारों का यह भी कहना है कि नाले के ऊपर उन्होंने जो स्लैब डाले थे, उन्हें हटा दिया गया है, जिससे आवागमन और अधिक कठिन हो गया है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और कीचड़ की वजह से आसपास बदबू फैली हुई है, जिससे ग्राहक उनकी दुकानों पर आने से बचने लगे हैं। इससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। सफाई दरोगा सोम प्रकाश शर्मा ने बताया कि नाले से निकला मलबा सफाई कर्मचारियों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से उठाया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों में दुकानों के बाहर की पूरी सफाई कर दी जाएगी।