कैथल। पेट्रोल में पानी मिलाने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुक्रवार को जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की सख्ती दिखी। इसी बीच जिला खाद्य आपूर्ति विभाग कैथल की टीम ने शुक्रवार को शहर में दो पेट्रोल पंपों पर जांच की। पहले टीम कैथल के पुराने बस स्टैंड के निकट पंप पर पहुंची, जहां पर तेल के सैंपल लिए गए। इसके बाद टीम सदस्य ढांड रोड स्थित नायरा के पेट्रोल पंप पर भी पहुंची और जांच की। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी निशांत राठी ने बताया कि शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। इसमें पुराना बस स्टैंड स्थित बनारसी दास पेट्रोल पंप से नौ सैंपल लिए गए हैं। इसमें छह पेट्रोल और तीन डीजल के सैंपल शामिल है। यदि सैंपल फेल आता है तो आगामी कार्रवाई की जाएगी। इस पंप से वीरवार को एक बाइक चालक ने व ढांड रोड नायरा पंप की शिकायत पूर्व सरपंच बलकार क्योड़क ने दी थी।