संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रामनगर भूना गांव में पूर्व सरपंच सुरिंद्र सिंह उर्फ जहाज को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सीवन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने धमकी दी कि ‘जहाज’ की मौत आ गई है, उसका काम तमाम कर देगा।
पुलिस को दी गई शिकायत में रामनगर भूना निवासी पूर्व सरपंच सुरिंद्र सिंह उर्फ जहाज ने बताया कि वह गांव का पूर्व सरपंच है। पिछले कई सालों से अपना व्यापार पहले दुबई और अब ओमान के मस्कट करता है। उसके पास पंजाब के तरनतारन निवासी दोस्त सतनाम का फोन आया। उसने बताया कि मोगा के गांव बिंडर निवासी जसबिंद सिंह उर्फ लखी धालीवाल ओमान में रहता है। वह तेरा पीछा करा रहा है और हमले की तैयारी कर रहा है।
सतनाम ने बताया कि उसकी गाड़ी फाॅरचयूनर का कांगथली में पंचर हुआ था। उसे जसविंद्र सिंह ने यह भी बताया है कि सुरिंद्र उर्फ जहाज को समझाओ कि उनके कहे अनुसार वापस दुबई आ जाए और हमारा काम करे। पहले तो सतनाम सिंह कि बातों को नजर अंदाज कर दिया, लेकिन उसे फिर पता लगा कि उसकी स्विफ्ट कार की दो दिन बाद जसबिंद्र सिंह उर्फ लखी धालीवाल ने रेकी करवाई।
इसके बाद उसके पास फिर सतनाम सिंह का फोन आया कि उसके मोबाइल पर जसबिंंद्र सिंह ने वॉयस रिकार्डिंग भेजी है, जिसमें कहा है कि जहाज की मौत आ गई और वह जहाज का काम तमाम कर देगा। ज्यादा से ज्यादा क्या होगा 307 का पर्चा होगा और गवाहों को खरीद लेगा। उसने गालियां व जान से मारने की धमकी दी। सीवन थाना के जांच अधिकारी देवेंद्र सिहं ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।