कैथल। सुबह और शाम बढ़ती ठंड का सीधा असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, जुकाम, बुखार और सूखी खांसी से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वर्तमान में रोजाना 200 से 250 मरीज इन मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं, जबकि कुछ दिन पहले तक यह आंकड़ा 100 के आसपास ही सीमित था। शनिवार को भी जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 800 मरीज पहुंचे, जिनमें से सबसे अधिक मरीजों ने मेडिसिन विभाग में अपना इलाज कराया। इनमें बड़ी संख्या सर्दी, बुखार, जुकाम और खांसी से पीड़ित रोगियों की रही। बढ़ती भीड़ के चलते ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस संदर्भ में जिला नागरिक अस्पताल के डॉ. विनय गुप्ता ने मरीजों को सलाह देते हुए कहा कि लोगों को अपनी प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। संवाद