करनाल। केंद्र सरकार से आई कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) की टीम रविवार को जिले में रही। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत चल रही गतिविधियों और बजट के इस्तेमाल की पड़ताल करने कुटेल पहुंची। टीम ने करीब तीन घंटे तक कुटेल सीएचसी में रहकर विभागीय रिकॉर्ड खंगाले। केंद्र सरकार से मिले बजट का निर्धारित कार्यों में सही तरीके से इस्तेमाल की जांच की।
टीम के जिला अस्पताल पहुंचने की संभावना के चलते अधिकारी और डॉक्टर घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन टीम वहां जाने के बजाय सीधे कुटेल पहुंच गई। इस दौरान अस्पताल में सफाई व्यवस्था से लेकर छोटी-मोटी मरम्मत तक कराई जाती रही।
सीआरएम टीम सुबह करीब 11 बजे सीएमओ कार्यालय पहुंची। यहां सीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। अधिकारियों ने टीम को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, एनएचएम के तहत संचालित योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की ब्रीफिंग की गई। करीब तीन घंटे तक चली बैठक के बाद टीम ने लंच किया और फिर निरीक्षण के लिए रवाना हो गई।
लंच के बाद टीम शाम करीब साढ़े चार बजे कुटेल पहुंची। यहां एनएचएम से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। टीम करीब तीन घंटे तक कुटेल में रही और इसके बाद वापस करनाल लौट आई। निरीक्षण के दौरान टीम ने मुख्य रूप से दस्तावेज के आधार पर बजट के इस्तेमाल और संबंधित कार्यों की स्थिति को परखा।
जिला अस्पताल में होती रही तैयारी
सीआरएम टीम के जिला अस्पताल पहुंचने की संभावना को देखते हुए अस्पताल प्रशासन भी सतर्क रहा। अधिकारी और डॉक्टर इंतजार करते रहे कि टीम निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंच सकती है। इसके चलते अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई गई। लेबर रूम के आसपास विशेष ध्यान दिया गया और वहां कई-कई बार झाड़ू लगवाई गई। इसके अलावा छोटी-मोटी मरम्मत के काम भी कराए गए, ताकि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलें। हालांकि, टीम के कुटेल में ही निरीक्षण करने के कारण जिला अस्पताल में उसका दौरा नहीं हुआ।
बजट के इस्तेमाल पर रही नजर
सीआरएम टीम के दौरे का अहम उद्देश्य एनएचएम के तहत केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि के उपयोग की समीक्षा करना है। इसके लिए विभागीय रिकॉर्ड और खर्च से जुड़े दस्तावेज की जांच की गई। निरीक्षण के बाद टीम वापस करनाल लौट गई। रिकॉर्ड की जांच में क्या कमियां या उपलब्धियां सामने आईं, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
सीआरएम की टीम 28 नवंबर तक रहेगी। टीम जिले के अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करेगी। फिलहाल टीम ने रविवार को कुटेल सीएचसी में निरीक्षण किया है। - डॉ. शशि गर्ग, सीएमओ
जिला अस्पताल में मरम्मत कार्य करता कर्मचारी। अमर उजाला