राजौंद। शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु के घर उनके रेजीमेंट के कमांड अधिकारी कर्नल कुमार वरूण, सूबेदार मेजर बाबू लाल पहुंचे और शहीद के माता-पिता व परिवारजन का हाल-चाल जाना। उन्होंने शहीद के अदम्य साहस और देश के प्रति उनके बलिदान की सराहना की। कर्नल कुमार वरूण ने बताया कि नरेंद्र सिंधु ने गोली लगने के बावजूद आतंकियों का सामना कर अपनी जिम्मेदारी पूरी की और वीरगति को प्राप्त हुए। उनके साथ सूबेदार भूपेंद्र सिंह भी शहादत को प्राप्त हुए, जबकि मेजर जो अभी घायल हैं, उन्होंने भी बहादुरी दिखाई। हवलदार शत्रु और पवन कुमार रेजीमेंट की ओर से शहीद का सामान गांव रोहेडा लेकर पहुंचे। इस अवसर पर रेजीमेंट की ओर से शहीद के पिता, भाई, चाचा और ताऊ को सम्मान प्रदान किया गया। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी, कैप्टन राजेश कुमार, सूबेदार मेजर खजान सिंह, रिसालदार कर्मवीर और दफेदार बलदेव सिंह भी उपस्थित रहे। संवाद