संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नवंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड अपने तेवर दिखाएगी। सुबह-शाम की ठिठुरन लगातार बढ़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 23 नवंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और हवाओं की दिशा उत्तरी होने से दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
मौसम विभाग का कहना है कि रबी फसलों के लिए मौसम अनुकूल है। गेहूं की बुआई में तेजी आ रही है। रात का तापमान गिरकर 10.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। 24 से 25 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार गिरावट से किसानों ने बुआई की रफ्तार तेज कर दी है।
जलभराव वाले खेतों में जहां खरीफ की फसल नहीं हो सकी, उनमें भी इस बार समय से पहले गेहूं की बुआई शुरू हो गई है। हालांकि छठ के बाद बुआई शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार अधिक बारिश और जलभराव के चलते किसानों को देरी का सामना करना पड़ा। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में बादलवाही संभव है, जिससे दिन का तापमान थोड़ा गिरेगा जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
जिले में 23 नवंबर तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, पर परिवर्तनशीलता बनी रहेगी। उत्तर व उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की आशंका है। यह मौसम रबी फसलों, विशेषकर गेहूं की बुआई के लिए बेहद अनुकूल माना जा रहा है। -डॉ. रमेश चंद्र, विभागाध्यक्ष कृषि मौसम विभाग