कैथल। नेशनल हाईवे के पुल के पास तितरम की ओर से आ रही कार की टक्कर से बचने के चक्कर में दूसरी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार में सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सीवन निवासी बलबीर सिंह ने तितरम थाना में शिकायत दी कि उसकी सीवन में मोटरसाइकिल सर्विस की दुकान है। वह मोटरसाइकिल की खरीद-फरोख्त भी कर लेता है। 22 अगस्त को वह और उसका दोस्त शेखर मोटरसाइकिल लेने के लिए कार में सवार होकर समालखा सोनीपत गए थे। वहां से उन्होंने एक बुलेट मोटरसाइकिल खरीद ली थी। उसके बाद वह अपनी कार में असंध, हाबड़ी, पूंडरी व कैथल होते हुए सीवन जा रहा था। मोटरसाइकिल पर शेखर आ रहा था। शाम को करीब चार बजे उसे हाबड़ी बस स्टैंड पर उसकी बुआ दर्शना देवी तीन औरतों व एक बच्चे के साथ मिली। वह पड़ोस की महिलाओं के साथ किसी व्यक्ति की मौत पर शोक मनाने के लिए गई थी। उसके कहने पर वे सभी साथ कार में बैठ गई। जब शाम को करीब साढ़े चार बजे वे हिसार-अंबाला हाईवे के फ्लाईऑवर के नीचे पूंडरी/कैथल मार्ग पर पहुंचे तो तितरम की तरफ से एक कार चालक एकदम से बिना किसी हॉर्न व डिपर के तेजगति से कार चलाता हुआ आया। उसको बचाने के लिए उसने जैसे ही अपनी कार को दाहिने तरफ कट मारा तो कार डिवाइडर के बीचों बीच टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार वे सभी घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें शहर के एक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टर ने उसकी बुआ दर्शना देवी को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी विक्रम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।