कैथल। नरड़ और सेगा गांव के बीच रविवार सुबह के समय नहर से करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला है। मृत व्यक्ति पूंडरी या ढांड की ओर से नहर में बहकर आया। वहीं पास में कपड़ों व सामान से भरा एक बैग भी मिला।
जैसे ही गांव के लोगों ने नहर में शव को देखा तो तुरंत तितरम थाना की पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसकी पहचान करा ली जाएगी और पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
तितरम थाना एसएचओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि नरड़ व सेगा के बीच नहर में एक व्यक्ति का शव पाया गया है। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाल कर नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। उसको शिनाख्त के लिए अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस आसपास के थानों से पूछताछ कर रही है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि व्यक्ति पांव फिसलने से नहर में गिर गया और उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।