संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के शिलाखेड़ी रोड पर 30 दिसंबर को सूटकेस में मिली युवती की लाश एक पहेली बनकर रह गई है। पांच दिन बीतने के बावजूद युवती की अब तक पहचान तक नहीं हो सकी है।
उसके हाथ पर बने टैटू, बैग में मिले सूट पर असंध का पता होने समेत अन्य साक्ष्यों के बावजूद यह सवाल अभी भी बना हुआ है कि आखिर यह युवती कौन थी, कहां की रहने वाली थी और उसका परिवार कौन था।
पुलिस अपने स्तर पर गहन जांच में जुटी हुई है और सीआईए की टीमें भी मामले का खुलासा करने में लगी हैं। सिटी थाना प्रभारी गीता ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है। शव का पोस्टमार्टम 72 घंटे के बाद कराया गया और नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में असंध पुलिस से भी मदद ली जा रही है।
फ्लैशबैक
30 दिसंबर ः पहला दिन:
शिलाखेड़ी रोड पर ड्रेन में नीले रंग के सूटकेस में अज्ञात युवती का शव मिला। पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी हाउस में रखा गया।
31 दिसंबर ः दूसरा दिन:
शव के पास से मिले बैग में दो सूट पाए गए, जिनके रैपर पर असंध का पता लिखा था। इसके आधार पर असंध पुलिस को सूचित किया गया।
1 जनवरी ः तीसरा दिन:
असंध पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों से संपर्क साधा, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। दुकानदारों ने बताया कि उनके पास हजारों ग्राहक आते हैं, इसलिए किसी विशेष व्यक्ति की पहचान नहीं की जा सकती।
2 जनवरी ः चौथा दिन:
शव के 72 घंटे पूरे होने के बाद पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान दांत और हड्डियों के सैंपल जांच के लिए मधुबन भेजे गए।
3 जनवरी ः पांचवां दिन:
स्थानीय पुलिस और सीआईए टीमें युवती की पहचान को लेकर लगातार जुटी हुई हैं। हालांकि, करीब दो-तीन फीट के सूटकेस में पांच फीट लंबा शव मिलने का सवाल पुलिस के लिए भी चुनौती बना हुआ है।