संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा निदेशालय की ओर से वर्दी खरीदने के लिए भत्ता दिया जाएगा। यह वर्दी भत्ता नए शैक्षणिक सत्र में सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को वर्दी के लिए प्रति विद्यार्थी 800 रुपये की राशि प्रदान की जाती है।
इसके साथ ही मिशन बुनियाद के अंतर्गत कोचिंग लेने वाले विद्यार्थियों को भी यह वर्दी भत्ता दिया जाता है। जिले में कक्षा एक से आठवीं तक के करीब 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों के खातों में यह राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। शिक्षा निदेशालय की ओर से दी जाने वाली इस राशि से विद्यार्थी अपनी सुविधानुसार वर्दी की खरीद कर सकेंगे।
वर्दी भत्ता योजना के तहत शिक्षा निदेशालय ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों को निर्देश दिए थे कि विद्यार्थियों का डाटा निर्धारित पोर्टल पर समय रहते अपलोड किया जाए। स्कूलों की ओर से तय समयसीमा के भीतर विद्यार्थियों का डाटा अपलोड कर दिया गया है। निदेशालय ने वर्दी भत्ता के लिए विद्यार्थियों के बैंक खाते, आईएफएससी कोड और परिवार पहचान पत्र की प्रोफाइल अपडेट करना अनिवार्य किया था, जिसे स्कूल संचालकों द्वारा पूरा कर लिया गया है।
मुफ्त वर्दी योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए विद्यार्थियों का डाटा वन स्कूल एप पोर्टल पर अपलोड करने के लिए स्कूलों को पहले तीन दिसंबर तक का समय दिया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर छह दिसंबर कर दिया गया। इस संबंध में हरियाणा मौलिक शिक्षा महानिदेशक ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मिलता है वर्दी भत्ता
शिक्षा निदेशालय की ओर से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष वर्दी भत्ता प्रदान किया जाता है। विभाग द्वारा पहले ही सभी स्कूलों से वर्दी से संबंधित डाटा पोर्टल पर अपलोड करवा लिया गया है। लगभग सभी स्कूलों की ओर से संबंधित विद्यार्थियों का डाटा पोर्टल पर दर्ज कर दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी गई है। नए सत्र से पहले ही विद्यार्थियों के खातों में वर्दी भत्ता की राशि पहुंचना शुरू हो जाएगी।
विभागीय निर्देशों के अनुसार कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों को वर्दी भत्ता दिया जा रहा है। मिशन बुनियाद के अंतर्गत पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली गई हैं, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-छत्रपाल, जिला गणित विशेषज्ञ