कैथल। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2026 सीजन की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना अपनी फसलों का बीमा अवश्य करवा लें। उप निदेशक रविंद्र हुड्डा ने बताया कि जिले में इस योजना के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी को अधिकृत किया गया है। योजना के तहत धान, बाजरा, मक्का, कपास और मूंग फसलें शामिल हैं। किसानों को प्रति हेक्टेयर निर्धारित प्रीमियम जमा करना होगा। धान के लिए 2231.22 रुपये, बाजरा 1075.58 रुपये, मक्का 1144.22 रुपये, कपास 5706.80 रुपये तथा मूंग के लिए 1001.18 रुपये प्रति हेक्टेयर प्रीमियम तय किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना ऋणी और गैर-ऋणी दोनों प्रकार के किसानों के लिए वैकल्पिक है। गैर-ऋणी किसानों को बीमा कराने के लिए जमीन की फर्द, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, फसल बुवाई प्रमाण पत्र और मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज लेकर निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर या बीमा कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि से संपर्क करना होगा। विभाग ने किसानों से समय सीमा के भीतर बीमा करवाकर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित नुकसान के प्रति सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।