जमीन उपलब्ध करवाने की मांग करते अग्रवाल सभा के पदाधिकारी। संवाद
सीवन। अग्रवाल सभा के प्रधान सुमेश बंसल काका के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका सचिव दीपक कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने फिरोजपुर रोड पर कन्या स्कूल के सामने स्थित जमीन को अग्रवाल समाज के लिए उपलब्ध करवाने की मांग की। समाज के लोगों ने इस स्थान पर सामुदायिक केंद्र और धर्मशाला बनाने की इच्छा जताई।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका सचिव को बताया कि पंचायत के कार्यकाल के दौरान इस जमीन को अग्रवाल समाज को सामुदायिक केंद्र और धर्मशाला बनाने के उद्देश्य से देने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। अब समाज इस स्थान पर सामाजिक गतिविधियों और कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक सुविधा विकसित करना चाहता है। सुमेश बंसल काका, कृष्ण बंसल और विवेक गोयल ने कहा कि जमीन से संबंधित पुराने प्रस्ताव और रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच की जानी चाहिए। यदि पंचायत स्तर पर जमीन समाज को देने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है तो नियमानुसार आगामी प्रक्रिया पूरी कर इसे उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक केंद्र या धर्मशाला बनने से समाज के लोगों को विवाह, धार्मिक कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बलराज बंसल, शीशपाल बंसल, नीरज कंसल समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
जमीन उपलब्ध करवाने की मांग करते अग्रवाल सभा के पदाधिकारी। संवाद