28 ढांड 01 आशा वर्कर्स को संबोधित करते हुए डॉक्टर रामपाल।
ढांड। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढांड में सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला के दिशा निर्देशन में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आशा वर्कर्स ने भाग लिया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. रामपाल ने कहा कि बच्चों के जन्म लेने से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने तक उसके स्वास्थ्य की हर प्रकार की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की बनती है। इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए हम सभी को अपना दायित्व निभाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किसी भी प्रकार की बीमारी से पीड़ित बच्चों का इलाज फ्री में करवाया जाता है।
अगर पीड़ित इलाज करवाने के लिए अस्पताल तक आने में असमर्थ है तो हमें उसे घर से लेकर अस्पताल तक पहुंचाना है और उसका इलाज करवा कर घर पहुंचना भी हमारी जिम्मेदारी बनती है। डॉ. रामपाल ने कार्यक्रम में उपस्थित आशा वर्कर्स का आह्वान किया कि अपने-अपने एरिया के प्रत्येक घर में जाकर ऐसे बच्चों को चिन्हित करें जो अपने बच्चों का इलाज करवाने में असमर्थ हैं। ताकि उन बच्चों का राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत इलाज करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग के तहत जो सेवाएं दी जा रही हैं उनके बारे में लोगों को जागरूक करें। इस अवसर पर डॉ .राजेश कुमारी,संगीता रानी,ममता रानी,आशा वर्कर्स सुषमा जड़ौला भी मौजूद थी।