कैथल। डेरों पर लूटपाट करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय से चार दिन की रिमांड पर दोबारा लिया है। इससे पहले आठ सितंबर को पांच दिन के रिमांड पर लेकर आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है। इस दौरान दो पुलिस वर्दी, जूते, लाठी-डंडे, अंगूठी व नकदी बरामद की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने स्वीकारा है कि पंजाब में पहला डेरा उन्होंने लूटा था।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि सात सितंबर को सीआईए-1 पुलिस ने जिला पटियाला के भादसों निवासी आरोपी करोड़ा राम, नसीब, लाडी व अंबाला के ऋषि नगर शहजादपुर निवासी मंगा, सावर व विनोद उर्फ मनोज को गिरफ्तार किया था। एसपी ने बताया कि महंत त्रिवेणी दास डेरा बाबा बिहारी दास गांव कठवाड़ की शिकायत के अनुसार 28/29 मार्च की रात को 5/6 अज्ञात व्यक्ति अपने आपको सीआईए स्टाफ के कर्मचारी बता कर डेरा के अंदर घुस गए थे। उन्होंने उसके साथ और शिष्य के साथ मारपीट कर 85 हजार नकदी व दो अंगूठी सोने की, कागजात व मोबाइल लूट कर ले गए थे। इस बारे थाना सदर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि 2021 में लूट की पहली घटना को अंजाम दिया था। वह घटना पंजाब राज्य से शुरू की थी। कैथल में वर्ष 2022 के दौरान छह डेरों पर लूटपाट की। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपनी गैंग के करीब 12 सदस्यों के साथ मिलकर करीब 30 डेरों में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। सभी आरोपी बाइक पर सवार होकर ही वारदात को अंजाम देने आते थे। कैथल में कठवाड, बाबा लदाना, डंडौता, सौंथा व नौच डेरों पर नकदी व आभूषण लूट कर ले गए थे। पुलिस अब रिमांड दौरान आरोपियों से अन्य पूछताछ करेगी।