संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन मंगवाने के मामले में एंटी नारकोटिक सेल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एएसआई प्रवीन कुमार की टीम ने जांच के बाद बालू निवासी राकेश को पकड़ा।
अस्पताल के डॉक्टर रमन ने शिकायत दी थी कि 16 जून को आरोपी राकेश ने अस्पताल के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर दिल्ली से ऑनलाइन दो बॉक्स पेंटाजोसिन लेक्टेट नामक नशीले
इंजेक्शन मंगवाए। इनमें कुल 200 इंजेक्शन थे, जिन्हें अस्पताल के पते पर भेजा गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी राकेश पहले उसी अस्पताल में काम करता था और उसने इसी का फायदा उठाकर यह ऑर्डर किया। इस मामले में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।