कैथल। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. रविंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को सायं 3: 45 बजे पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित किसान सम्मान समारोह के दौरान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। उन्होंने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे कल दोपहर 3:30 बजे कृषि विज्ञान केंद्र, कैथल पहुंचकर प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम में भाग लें और इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें। उन्होंने यह भी बताया कि जो किसान कृषि विज्ञान केंद्र नहीं पहुंच सकते, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, फेसबुक तथा एक्स के माध्यम से भी देख सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से कार्यक्रम से जुड़ने और योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ 24 फरवरी 2019 को किया गया था। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में, प्रत्येक चार माह के अंतराल पर 2,000 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है।