नगर परिषद कार्यालय में एसडीएम की अध्यक्षता में हुआ बोली का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के वृद्धकेदार सरोवर तीर्थ के 16 एकड़ तालाब में मछली पालन का ठेका देकर परिषद ने 31 लाख 62 हजार रुपये की राशि जुटाई। परिषद कार्यालय में ठेके लिए आयोजित बोली में 3 लाख 20 हजार रुपये से शुरू होकर बोली 31 लाख 62 हजार रुपये पर जा पहुंची। जिसे कैथल के सुरजीत ने हासिल किया।
एसडीएम मनदीप कौर, प्रधान नगर परिषद यशपाल मलिक व नगर परिषद के ईओ मलक सिंह जगत, म्युनिसिपल इंजीनियर राजकुमार की मौजूदगी में यह बोली हुई। भारी संख्या में पहुंचे बोलीदाताओं से पहले 1 लाख रुपये की धरोहर राशि जमा करवाकर उन्हें टोकन जारी किए गए। इसके बाद नगर परिषद द्वारा निर्धारित किए गए 3 लाख 20 हजार रुपये के रिजर्व प्राइज के बाद 3 लाख 21 हजार से बोली शुरू हुई। शुरुआत में 10 हजार से लेकर 15 हजार की बढ़ोतरी के बाद बोली चढ़ती गई। यह 8 से 10 लाख, फिर दस से 11 लाख, बाद में 12 से सीधा 15 लाख रुपये पर जा चढ़ी। इसके बाद बोलीदाता कुछ रुके। लेकिन 50-50 हजार रुपये की बोली में बढ़ोतरी होते-होते बोलीदाताओं ने कुछ ही देर में 16, 17 व 18 लाख को पार करते हुए बोली 20 लाख पर चढ़ा दी। अंतिम समय में कपिल कुमार व सुरजीत कुमार में खूब मुकाबला हुआ। कभी 1 हजार तो कभी 10 हजार की बोली चढ़ते हुए दोनों में 31 लाख 62 हजार रुपये तक काफी मुकाबला हुआ। अंतत: एसडीएम मनदीप कौर द्वारा एक, दो व तीन बोलते हुए सुरजीत कुमार के नाम 31 लाख 62 हजार रुपये में तालाबों में मछली पालन के लिए टेंडर छोड़ दिया।
एसडीएम ने कहा कि यह संभवत: पहली बार हुआ है। जब कैथल नगर परिषद ने मछली पालन के लिए तालाबों के टेंडर से इतनी बड़ी रकम जुटाई है। इससे शहर के विकास में मदद मिलेगी।
नगर परिषद के चेयरमैन यशपाल प्रजापति ने कहा कि पूर्व में महज 3 लाख रुपये में यह टेंडर छोड़ा गया था। इस बोली में परिषद ने 31 लाख 62 हजार रुपये जुटाकर पूरी पारदर्शिता का परिचय दिया है। सभी बोलीदाताओं ने इसमें उत्साह से भाग लिया। जिला प्रशासन, एसडीएम सहित शहर के विकास में सहयोग करने वाले सभी लोगों के वे आभारी हैं।
सरोवर की 16 एकड़ है तालाब की जगह
जवाहर पार्क व चिल्ड्रन पार्क के बीच में स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के वृद्धकेदार सरोवर में करीब 16 एकड़ जमीन तालाब में है। जहां मछली पालन किया जाना है। यह ठेका एक साल के लिए दिया गया है।