संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला पुलिस की ओर से चलाए गए नशा मुक्त हो जिला अभियान बुधवार को भी जारी रहा। इसी कड़ी में जागरूकता टीम ने शहर के विभिन्न स्कूल, कॉलेज, गांव और मोहल्लों में जाकर नशे के दुष्परिणाम पर जानकारी दी।
जागरूकता टीम में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, एसपीओ राजपाल और एसपीओ प्रदीप कुमार शामिल थे। टीम ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को नशे के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव और समाज पर इसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही समझाया कि नशा न केवल शारीरिक रूप से हानिकारक है, बल्कि यह परिवार, समाज और भविष्य को भी अंधकार में धकेलता है। पुलिस टीम ने नशा पीड़ितों की काउंसलिंग भी की।
एसपी का संदेश ः एसपी आस्था मोदी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, कि आपका भविष्य आपके हाथों में है। नशे से दूर रहकर ही आप अपने जीवन को ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। पढ़ाई, खेल और सेवा के माध्यम से आप अपने माता-पिता और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं। हम सभी मिलकर जिला को नशा मुक्त बना सकते हैं।
उन्होंने इस अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी की गतिविधियां हो रही हों, तो पुलिस को गुप्त रूप से सूचित किया जाए।