कैथल। हरियाणा उदय व मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से इंडस स्कूल में नशे के खिलाफ जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि सीटीएम कपिल कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव बताए। उन्होंने कहा कि नशा एक अभिशाप है, इसे जड़ से खत्म करना जरूरी है।
सीटीएम कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस और समाजसेवी संस्थाओं के माध्यम से जिले में नशा रोकने के लिए ज्यादा से ज्यादा शिविरों का आयोजन करें। नशे के जाल में फंस रहे युवाओं को समझाकर उन्हें एक नई दिशा में लेकर जाना है। सभी स्कूलों में भी समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन होना चाहिए, ताकि बच्चे घरों व आसपास जाकर जागरूकता फैला सके।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस अभी तक जाखौली अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गीता भवन के नजदीक राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ढांड रोड स्थित इंडस पब्लिक स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरल में नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन कर चुकी है।
इंडस पब्लिक स्कूल के निदेशक अभिषेक सहारण व तनु पुनिया ने कहा उनका विद्यालय नशा मुक्ति जागरूकता के लिए हमेशा तत्पर है। नशे को जड़ से खत्म और लोगों को जागरूक करने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता शिविर लगाकर नशे के सेवन को रोकने का भरसक प्रयास किया जाएगा।। इस अवसर पर रविंद्र शर्मा, बीरबल सिंह, रेखा शर्मा, बलजीत, अंजली, ज्ञान चंद भल्ला, पवन कुमार, अंजू शर्मा, बीरबल दलाल, कोमल कौशिक आदि मौजूद रहे।