टेप बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए रवाना होती टीम।
कैथल। दूसरी राष्ट्रीय जूनियर टेप बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा की लड़के और लड़कियों की टीम उड़ीसा रवाना हो गई। यह प्रतियोगिता 29 से 31 मई तक राउरकेला, उड़ीसा में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में देशभर से हरियाणा सहित करीब 30 टीमों के भाग लेने की संभावना है। टीम के रवाना होने के अवसर पर कैथल टेप बॉल संघ के प्रधान डॉ. गुरप्रीत सिंह सांगन खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने पहुंचे।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगे और हरियाणा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर पदक जीतकर लौटेंगे। डॉ. गुरप्रीत सिंह सांगन ने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और टीम भावना के साथ खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण का भी महत्वपूर्ण जरिया है। इस अवसर पर सीवन स्पोर्ट्स अकादमी के संचालक संजय सैन, सुदर्शन सिंह, इंद्र गोस्वामी, कुलदीप सिंह सहित अन्य खेल प्रेमी और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।