कैथल। राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के आह्वान पर 15 जून को पानीपत में होने वाले प्रदर्शन में विभिन्न शैक्षणिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लेने का फैसला किया है।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के महासचिव रामपाल शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले अनुसार सरकारी स्कूलों में लंबे समय से कार्यरत अतिथि अध्यापकों के अतिशीघ्र नियमितीकरण के लिए 15 जून को शिक्षा मंत्री के पानीपत स्थित कैंप कार्यालय पर होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अध्यापक भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से अनियमित शिक्षकों/कर्मचारियों को नियमित करने के उद्देश्य से 16 व 18 जून 2014 को नियमितीकरण की नीतियां बनाई गई थीं। पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में चली लंबी बहस के बाद 16 अप्रैल 2026 को हाईकोर्ट ने इन नीतियों को वैध ठहराते हुए इनके अंतर्गत सेवा शर्तों को पूरा करने वाले अनियमित शिक्षकों/कर्मचारियों को नियमित करने के हक में निर्णय सुनाया लेकिन अभी तक विभाग/सरकार की ओर से शिक्षकों के नियमितीकरण के लिए कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई।