कैथल। शिक्षकों की लंबित मांगों व अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग के लिए अध्यापक संघ 9 जून को शिक्षा सदन पंचकूला पर प्रदर्शन करेगा। इसमें प्रदेश से हजारों शिक्षक/कर्मचारी भाग लेंगे। ये जानकारी हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ से संबद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राज्य महासचिव रामपाल शर्मा, जिला प्रधान रामफल दयोहरा ने दी।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों की मुख्य मांगो में माननीय उच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार 2014 की नियमितीकरण की पॉलिसी के तहत अतिथि अध्यापकों को अतिशीघ्र नियमित करने, टेट की अव्यवहारिक शर्त बारे सरकार द्वारा संसद में बिल पास करके प्रभावित शिक्षकों को राहत प्रदान करना है। इसके अलावा सेवा नियमावली 2012 में संशोधन करना, सार्वजनिक शिक्षा का विस्तार करना, गत व वर्तमान ब्लॉक की एलटीसी प्रदान करना, पुरानी पेंशन बहाल करना है। वहीं आरोही/मेवात मॉडल स्कूलों के अध्यापक, कंप्यूटर शिक्षक, वर्क इंस्ट्रक्टर, वोकेशनल शिक्षक, लैब सहायक, कौशल रोजगार निगम के शिक्षकों सहित सभी वर्गों के शिक्षकों/कर्मचारियों को 23 व 31 दिसंबर, 2025 के हाई कोर्ट के फैसले अनुसार नियमित करना आदि हैं। संवाद