संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ऑल हरियाणा गवर्नमेंट कॉलेज टीचर एसोसिएशन के आह्वान पर लोकल यूनिट डॉ. भीम राव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय कैथल की ओर से शिक्षा-शिक्षक हितों के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय की घोर उदासीनता और नकारात्मक कार्य प्रणाली के विरुद्ध मुख्यमंत्री, उच्चतर शिक्षा मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव उच्चतर शिक्षा, अतिरिक्त प्रधान सचिव, निदेशक, उच्चतर शिक्षा को ज्ञापन भेजकर व काले बिल्ले लगाकर रोष व्यक्त किया।
लोकल यूनिट के प्रधान डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि कॉलेज शिक्षकों की विभिन्न मांगे लंबे समय से उच्चतर शिक्षा विभाग में लंबित पड़ी हुई हैं। 264 प्राध्यापकों का सीनियर सेलेक्शन ग्रेड लंबे समय से रुका हुआ है। विभाग की ओर से यूजीसी के नियमों के विरुद्ध अपने कुछ नियम जोड़कर पदोन्नति प्रक्रिया को जटिल बना दिया है। लंबे समय से एमफिल, पीएचडी की अतिरिक्त वेतन वृद्धि की फाइल भी निदेशालय में रुकी हुई है। यूजीसी के नोटिफिकेशन के विपरीत दो तिहाई प्राध्यापकों को प्रोफेसर पद से वंचित कर दिया गया है, जबकि निदेशालय द्वारा चयन की कोई भी पैमाना निर्धारित नहीं किया।
शिक्षा निदेशालय की शिक्षा और शिक्षकों के प्रति इस उदासीनता और रवैये के खिलाफ पूरे हरियाणा में रोष प्रकट किया। महाविद्यालय की लोकल यूनिट के उपप्रधान डॉ. विकास यादव ने बताया कि आगामी 16 नवंबर को शिक्षा सदन पंचकूला पर ऑल हरियाणा गवर्नमेंट कॉलेज टीचर एसोसिएशन के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संयुक्त सचिव डॉ. सुशील ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में कॉलेज से सभी प्राध्यापक बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगें। वहीं सचिव डॉ. इंदु गाबा ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में महिलाएं भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगी। इस अवसर पर कॉलेज के सभी प्राध्यापक मौजूद रहे।