संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरोही आदर्श माध्यमिक विद्यालय ग्योंग में शिक्षा विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार और विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनीष सिंगला के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत आयोजित भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
भारतीय भाषा समर कैंप के नोडल अधिकारी और हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार चावला ने बताया कि भारत एक बहुभाषी देश है। यहां भाषाई विविधता और विभिन्न भाषाओं के बोलने वालों के बीच आत्मीयता हमारे सांस्कृतिक सद्भाव, भावनात्मक एकता और सर्वव्यापी भाईचारे को सुदृढ़ करती है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 बहुभाषावाद को प्रोत्साहित करती है और भारतीय भाषाओं को राष्ट्रीय एकता का महत्वपूर्ण माध्यम मानती है। इसके अंतर्गत छात्रों को एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के तहत अधिकाधिक भारतीय भाषाएं सीखने और उनके महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया गया है।
शिविर में विद्यार्थियों ने विभिन्न भारतीय भाषाओं पर आधारित पोस्टर तैयार किए। साथ ही फ्लैश कार्ड्स के माध्यम से बुनियादी अभिवादन, सामान्य अभिव्यक्तियां, अक्षर, संख्याएं और हस्ताक्षर आदि की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न भाषाओं की महत्ता के बारे में भी विस्तार से अध्ययन किया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. मनीष सिंगला ने समर कैंप में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अध्यापकों और विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राजेश शर्मा, दिनेश कुमार, कुलदीप सिंह, अरुण कुमार, विनोद कुमार, अमन, राज कुमार, डॉ. प्रोमिला, जेसिका, माफी, प्रिंस, अरमान, गुरजीत, दिव्या उपस्थित रहे।