संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगों ने अध्यापिका से 14.33 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए महिला को छोटे-छोटे टास्क देकर भरोसे में लिया। फिर अधिक मुनाफे का झांसा देकर अलग-अलग खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में करनाल रोड स्थित अशोका गार्डन कॉलोनी निवासी मनीषा अग्रवाल ने बताया कि वह जाट स्कूल कैथल में संगीत शिक्षिका हैं। 4 मई को उन्हें एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप ग्रुप ओडी 35 में जोड़ दिया। ग्रुप में मौजूद लोगों ने पार्ट टाइम जॉब के लिए कुछ मोबाइल नंबर साझा किए और उन्हें फाइनेंस मैनेजर बताकर संपर्क करने के लिए कहा। इसके बाद वह टेलीग्राम पर जुड़ गईं, जहां मीनाक्षी अय्यर नाम की आईडी ने जानकारी मांगी। बाद में उन्हें सीएमई वॉक नामक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। शुरुआत में वीडियो लाइक करने जैसे छोटे टास्क दिए गए और बदले में 50, 150 व 300 रुपये भेजे गए। इसके बाद 2000 रुपये निवेश करने पर 3000 रुपये वापस देकर भरोसा में लिया।
बाद में 25 हजार, 68,900, 35 हजार, एक लाख समेत कई किस्तों में रकम जमा करवाई गई। ठगों ने उनके नाम से एक ऑनलाइन वॉलेट भी तैयार कर दिया, जिसमें लाखों रुपये की राशि दिखाकर झांसा दिया। शिकायतकर्ता के पति और परिचितों के खातों से भी रकम ट्रांसफर करवाई गई। मांगने पर रुपये नहीं वापस किए। आरोपियों ने 14,33,731 रुपये की धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 318(4), 336, 338, 340 व 61 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-जसबीर, एएसआई, जांच अधिकारी