गांव भागल निवासी एक व्यक्ति को नशीला पदार्थ सुंघाकर दो युवक 23 हजार 300 रुपये चोरी कर लिए। व्यक्ति को अस्पताल मेें ही होश आया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में भागल निवासी लाभ सिंह ने कहा कि 14 अगस्त को वह दोपहर को पंजाब नेशनल बैंक भागल में पैसे निकलवाने के लिए गया था। उसके पास पहले से 1300/- रुपये थे। जब वह बैंक से 22,000/- रुपये निकलवाकर बाहर निकला तो उसके दो अज्ञात युवक मिले और कहा कि ताऊ तेरे माथे पर पसीना आया है। उसी समय एक नौजवान लड़के ने अपनी जेब से रूमाल निकाल कर उसके मुंह पर लगा दिया और कहा कि वे उसे घर छोड़ देते हैं। इसके बाद पैदल ही वे बातचीत करते हुए पावर हाउस भागल के तक पहुंचें। जहां उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद इन दोनों लड़को ने उसे नीचे गिरा दिया और वह बेहोश हो गया। उसे बाद मेें किसी ने सरकारी अस्पताल गुहला में दाखिल करवाया। उसे होश आया तो उसके पास उसकी पत्नी कमला देवी, भाई नसीब सिंह व भतीजा प्रवीन कुमार अस्पताल में मिले। उसे पता चला कि उक्त दोनों युवक नशीला पदार्थ सुंघा कर 23,300 रुपये चोरी कर ले गए। वह सामने आने पर उन्हें पहचान सकता है।