कैथल। देवी लाल पार्क की हालत बेहद खराब है। पार्क में लगी कई कुर्सियां टूटी पड़ी हैं, जिनके कारण सुबह-शाम घूमने आने वाले लोगों को बैठने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी कुर्सियों के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज़्यादा दिक्कत उठानी पड़ती है, क्योंकि उनके पास आराम करने के लिए सही व्यवस्था नहीं बची है। भगत सिंह कॉलोनी वासी सुमित व अन्य ने बताया कि पार्क की साफ-सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त नज़र आ रही है। जगह-जगह कूड़ा और सूखे पत्तों के ढेर जमा हैं, जिनसे दुर्गंध फैल रही है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से सफाई कर्मचारी पार्क में नज़र नहीं आए, जिसके चलते पार्क की सुंदरता पर बुरा असर पड़ा है। सुबह-सवेरे टहलने वालों को गंदगी और कचरे के कारण असहज माहौल का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि पार्क की नियमित देखरेख की जाए और टूटी कुर्सियों को जल्द बदलकर साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाए। उनका कहना है कि ताऊ देवी लाल पार्क शहर का महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, इसलिए इसकी मरम्मत और सफाई पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए।