बस स्टैंड पर रात में आराम फरमाते अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : Kaithal
कैथल। सीईटी की शनिवार को दो शिफ्टों में होने वाली परीक्षा देने के लिए करनाल, पानीपत, फतेहाबाद, अंबाला, जींद और हिसार से कई विद्यार्थी शुक्रवार को ही कैथल पहुंच गए थे। इन अभ्यर्थियों ने बस स्टैंड के नजदीक होने के कारण अभ्यर्थियों ने सेक्टर 19 और 20 में बने सामुदायिक केंद्रों को अपना रात्रि बसेरा बनाया। वहीं कुछ अभ्यर्थी सेक्टर 19 व 20 के सामुदायिक केंद्र, सिरटा रोड स्थित रैन बसेरा व नीम साहब गुरुद्वारे के अलावा महाराजा सूरजमल स्टेडियम, बस स्टैंड पर ठहरे।
यहां पर उनके लिए भोजन और बिस्तरों की व्यवस्था की गई। सिरटा रोड स्थित महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक भवन में बनाए गए रैन बसेरे में आठ अभ्यर्थी रात को रुके। डोगरा गेट स्थित श्री नीम साहब गुरुद्वारा में 80 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने शरण ली। बस स्टैंड से ज्यादा दूरी व शहर से बाहर रैन बसेरा होने के कारण सिरटा रोड स्थित रैन बसेरे में संख्या ज्यादा नहीं रही। रैन बसेरे की देखरेख कर रहे रत्ना राम ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा रविवार को है, उनकी संख्या भी रैन बसेरे में कम ही रहेगी।
दूसरी ओर कार सेवा गुरुद्वारा नीम साहब से बाबा महेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात को गुरुद्वारे में रुके अभ्यर्थियों को सभी प्रकार की जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई। उनके लिए लंगर व नहाने की व्यवस्था कार सेवा की ओर से की गई। रहने के लिए कमरे और सोने के लिए बिस्तर उपलब्ध करवाए गए। उन्होंने बताया कि शनिवार-रविवार की रात के लिए भी पूर्व प्रबंध रहे।