संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। विधायक रणधीर गोलन ने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद ने लोक भलाई के लिए अनेक कार्य किए और मानवता का सच्चा रास्ता दिखाया। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज व राष्ट्र हित में निरंतर अपना योगदान देना चाहिए। गोलन गुरु ब्रह्मानंद के जन्मदिवस पर हलके के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित रहे थे।
उन्होंने सभी स्थानों पर गुरु की मूर्ति के समक्ष माथा टेका। लोगों ने उन्होंने शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान विधायक गोलन ने कहा कि गुरु के आश्रम में चार वर्ष पहले जो संकल्प किया था, आज उनके आशीर्वाद से सरकार से पूंडरी हलके के सभी आश्रमों में ग्रांट लाकर संकल्प को पूरा करने का काम किया।
गुरु हमारे पूंडरी बणी आश्रम में रहते थे और हम सभी छोटे बच्चे खेलते-कूदते गुरु जी से प्रसाद लेने जाते थे। बचपन के दिनों में हमारा लगातार गुरु से मिलना होता था। उन्होंने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद ने समाज को सही दिशा देने का कार्य किया और जरूरतमंदों की सेवा करने का संदेश दिया है। हम सभी को इनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संत महात्मा किसी एक जाति या धर्म के नहीं होते, बल्कि वे सर्व समाज के होते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद की जयंती पर जिले के विभिन्न गांवों में स्थापित उनके आश्रमों में पूरी श्रद्धा और भाव से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। गुरु ब्रह्मानंद की जयंती पर अनेक स्थानों पर यज्ञ, संत महात्माओं के प्रवचन, भजन कीर्तन तथा भंडारे इत्यादि का आयोजन किया गया।