संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में डीसी प्रीति ने शुक्रवार सुबह समाधान पोर्टल को लेकर व दोपहर बाद सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली।
डीसी ने सभी अधिकारी व कर्मचारी को सीएम विंडो, जन संवाद पोर्टल, समाधान शिविर में आई शिकायतों को गंभीरता से निपटाएं आदेश दिए। यदि किसी शिकायत के पिटान में कोई कानूनी दिक्कत है या फिर ऐसी कोई समस्या है, जिसका उनके स्तर पर समाधान नहीं हो सकता तो उन्हें सूचित करें।
शिकायत निपटान के लिए जो भी कदम उठाएं, इसके अनुसार एटीआर अपलोड करें। ताकि शिकायत का निपटान हो सके। इसके बावजूद भी शिकायत लंबित रहती है तो सीटीएम से मिलकर शिकायत का निपटान करवाएं। बैठक में अपने विभाग से संबंधित सभी शिकायतों की नवीनतम रिपोर्ट लेकर आएं।
कोई भी विभाग शिकायत को अपने स्तर पर लंबित न रखें। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के पास उनके स्तर पर शिकायत लंबित पाई गई तो उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। अपने स्तर पर शिकायत निपटान कर एटीआर अपलोड करें। यदि वह शिकायत फिर भी लंबित में आती है तो फिर उसके समाधान के लिए सीटीएम से मिलें। ओवर ड्यू की बजाए, आवश्यक कार्रवाई करते हुए एटीआर अपलोड कर उस शिकायत को खत्म करें।
शिकायतें निपटाने के लिए सीटीएम गुरविंदर सिंह की प्रशंसा की। डीसी ने राजस्व व पंचायत विभाग की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि निशानदेही, कब्जा कार्रवाई, जमाबंदी सहित जमीन से जुड़ी अन्य शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि पत्र लेकर तुरंत शिकायतों का निवारण करवाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया शिकायत पोर्टल पर मुख्यमंत्री स्वयं नजर रखते हैं। जिले में ऐसी आठ शिकायतें हैं, जिन्हें जल्द से जल्द निपटाया जाए।
डीसी ने ओवरव्यू शिकायतों पर संबंधित बीडीपीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदारों से एक-एक शिकायत को लेकर जानकारी ली।