कैथल। प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की जा चुकी है। डीसी प्रशांत पंवार ने बताया कि इसके तहत हरियाणा के एक लाख गरीब परिवारों को सौर ऊर्जा उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा 1.10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लक्ष्य लोगों के घरों का बिजली बिल कम करने के अलावा ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देना भी है ताकि भविष्य में अन्य स्रोतों के माध्यम से बनाई गई बिजली पर निर्भरता में कमी की जा सके। इस योजना से पर्यावरण को फायदा मिलेगा।
डीसी ने बताया कि जिस परिवार की सालाना आय एक लाख 80 हजार रुपये तक है, ऐसे परिवारों को दो किलोवाट तक सोलर पैनल लगवाने पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा व 50 हजार रुपये तक की अतिरिक्त सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए पोर्टल www.pmsuryaghar.gov.in अथवा स्थानीय ऊर्जा विभाग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। संवाद