कैथल। ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल, कैथल में साइबर जागरूकता पर आधारित एक इंटर-हाउस नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साइबर सेल के एसएचओ शुभ्रांशु शामिल हुए, जबकि प्रसिद्ध अभिनेता एवं निर्देशक योगेश कुमार ने निर्णायक मंडल में विशेष भूमिका निभाई।
प्रधानाचार्या अंजु तलवाड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में छात्रों ने साइबर बुलिंग, पहचान चोरी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जो न केवल शिक्षाप्रद थीं बल्कि दर्शकों को जागरूक करने वाली भी रहीं। प्रतियोगिता में स्वामी दयानंद सरस्वती हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्वामी श्रद्धानंद हाउस को द्वितीय और स्वामी विरजानंद हाउस को तृतीय स्थान मिला।
मुख्य अतिथि शुभ्रांशु ने अपने संबोधन में साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को सतर्क रहते हुए जिम्मेदारी के साथ इंटरनेट का उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या अंजु तलवाड़ ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसी गतिविधियां छात्रों को तकनीकी रूप से जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं। उन्होंने विजेताओं को बधाई दे उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संवाद