संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को जिला समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि संबंधित अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों का सर्वे करके जल्द रिपोर्ट सौंपे, ताकि उनकी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मरम्मत करवाई जा सके। उन्होंने शार्टटर्म कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करवाने के निर्देश दिए ताकि टेंडर प्रक्रिया के बाद तुरंत ही विकास कार्यों को शुरू करवाकर समय अवधि में पूरा करवाया जा सके।
इस बैठक में वह बैठक में रखे गए विषयों के तहत चल रहे विकास कार्यों में बिंदुबार समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सांसद निधि कोष के तहत जितने भी विकास कार्य मंजूर किए हैं, उनमें से कुछ पूरे हो चुके हैं। कुछ पर कार्य चल रहा है। इन कार्यों को जल्द पूरा करें, ताकि संबंधित व्यक्तियों को इसका लाभ मिल सके। सांसद के गोद लिए हजवाना में स्कूल भवन के लिए 80 लाख रुपये की राशि भेजी है, इस कार्य को जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने मार्केटिंग बोर्ड, लोक निर्माण विभाग के तहत सड़कों के सुधारीकरण एवं निर्माण कार्य की व्यवस्था के तहत अधिकारियों को गांव की सड़कों की सूची देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश व प्रदेश में एक समान विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जन हित के कार्याें को पूरा करने में विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी कार्य पूरा होने की रिपोर्ट भी समय पर देते रहें।
सैनी ने कहा कि ग्राम सचिवों के माध्यम से मुनादी करवाकर ओडीएफ प्लस के तहत गांवों में जरूरतमंद गरीब व्यक्तियों से शौचालय बनवाने के आवेदन मांगे और उनको सुविधा देते हुए उनके लिए शौचालय बनवाने का कार्य करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजनाओं की सूची तैयार करने और उन पर कार्य करने के निर्देश दिए। इस सूची अनुसार विकास कार्यों को एक-एक करके पूरा करवाएं।
उन्होंने कहा कि आदर्श गांवों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें और इन गांवों में शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। सैनी ने चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ सरकारी योजनाओं पर भी फीडबैक ली। इस मौके पर डीसी प्रशांत पंवार, एडीसी सुशील कुमार, एसडीएम कपिल कुमार, कृष्ण कुमार, देवेंद्र शर्मा, बीजेपी जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, डीएमसी कुलधीर सिंह, आरटीए गिरीश चावला, कर्मबीर कौल, सुरेश गर्ग नौच, आदित्य भारद्वाज, प्रवीण प्रजापति, संजय सैनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।