कैथल। हरियाणा पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देशानुसार दिसंबर माह में प्रदेशभर में विशेष पुलिस अभियान ‘हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना, नशे से जुड़ी घटनाओं को रोकना और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई करना है।
पुलिस प्रवक्ता जगदीश ने बताया कि जिला कैथल पुलिस ने एसपी उपासना के नेतृत्व में जिले के सभी थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित हॉटस्पॉट पॉइंट्स पर गहन निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके तहत पुलिस टीमों ने व्यापक गश्त अभियान चलाया। हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित स्थानों में मुख्यतः ऐसे इलाके शामिल हैं जहाँ नशेड़ी वर्ग नशीले पदार्थों का सेवन करता है या असामाजिक तत्व जुआ–सट्टा जैसी गतिविधियों में संलग्न होते हैं। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संदिग्ध स्थानों, सुनसान क्षेत्रों, सार्वजनिक पार्कों, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील पॉइंट्स पर विशेष ध्यान दिया। पुलिस टीमों ने पैदल गश्त, मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग और गाड़ियों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई और नागरिकों में सुरक्षा का संदेश भी प्रसारित किया। इस गहन निगरानी से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिली है।