खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन ने सोमवार को शहीद जयवीर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, किठाना तथा शहीद सिपाही कृष्ण कुमार राजकीय उच्च विद्यालय, तारागढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया और विशेष रूप से प्राथमिक विभाग की एफएलएन कक्षाओं का निरीक्षण किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों में अधिक से अधिक दाखिले सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत एवं एसएमसी के सहयोग से विशेष दाखिला अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, इसलिए जनसहयोग से नामांकन बढ़ाने के प्रयास तेज किए जाएं। राजकीय उच्च विद्यालय, तारागढ़ में कक्षा आठवीं के छात्र दीपांशु द्वारा जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त विज्ञान मॉडल का प्रस्तुतीकरण भी खंड शिक्षा अधिकारी ने देखा। उन्होंने होनहार छात्र को 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक देकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर एबीआरसी रेणू शर्मा,अध्यापक सुखी राम, प्रदीप, कुलदीप सिंह, रेखा रानी,सुदेश रानी, सुमन देवी, पूजा व गैर-शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहा। संवाद