कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा की भाजपा-जजपा पर हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार की लापरवाही बार-बार हरियाणा की जनता की जान को संकट में डाल रही है। कोरोना की दूसरी लहर में भी सरकार की लापरवाही उभरकर सामने आई। उन्होंने कहा कि अभी कोरोना का कहर खत्म भी नहीं हुआ कि अब ब्लैक फंगस से मरीज मौत का ग्रास बन रहे हैं। सरकार ने जिस तरह से कोरोना की दोनों लहरों के कहर से कोई सबक नहीं लिया। बिन तैयारी और लापरवाही से जनता को खुद के भरोसे मरने को छोड़ दिया। अब दोबारा फिर 2 महीने में लगभग 1400 ब्लैक फंगस के केस आने के बावजूद मूकदर्शक और लापरवाह बनी बैठी हुई है। हरियाणा में ब्लैक फंगस के मरीजों की रिकवरी कम तो 15 गुना से अधिक मौतें हो चुकी है। पिछले 2 महीने से हरियाणा में ब्लैक फंगस के 1390 मरीजों में से सिर्फ 467 ही ठीक हुए और 217 से अधिक की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने आपदा राहत के नाम पर जो सैकड़ों हजारों करोड़ रुपये इकट्ठे किए, वो कहां गए, उनका इस्तेमाल कहां हुआ, फैबीफ्लू से लेकर रेमडिसिविर इंजेक्शन और आईवरमेक्टिन इंजेक्शन के लिए लोगों को लाखों रुपये लेकर भी दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं।