संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। जांबा गांव में युवा कांग्रेस नेता जस्सा जांबा के युवा मिलन समारोह में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की तीखी आलोचना की। कहा कि भाजपा शासन के 11 सालों ने युवाओं के सपनों को लूटा है। इसे ‘विकसित हरियाणा’ नहीं बल्कि ‘बर्बाद हरियाणा’ करार दिया।
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को क्या दिया? उन्होंने तीन प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला - नशे का सैलाब, बेरोजगारी की आग और विदेश पलायन की मजबूरी। कहा कि नशा अब सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी घर-घर पहुंच चुका है। गांव-शहर, गलियां, स्कूल और बस स्टैंड तक ड्रग्स फैल चुकी हैं। युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंस रही है, जिससे परिवार टूट रहे हैं और समाज की नींव हिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 70–80 प्रतिशत सरकारी नौकरियां गैर-हरियाणवियों को दी जा रही हैं। स्थानीय युवाओं को दरकिनार कर बाहर के लोगों को प्राथमिकता देने से हरियाणा के युवा हताश और निराश हैं।
कार्यक्रम में सुदीप सुरजेवाला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड, हरियाणा युवा कृषक समाज के प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र जागलान, आयोजक जस्सा जांबा, राजेश संदलाना, सतीश तेजली उपस्थित रहे।
...और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने की भाजपा विधायक की तारीफ, वीडियो वायरल
कैथल। गांव जांबा में कांग्रेस की ओर से युवा मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर के संबोधन का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह भाजपा से पूंडरी के विधायक की तारीफ करते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में उन्होंने कहा कि हमारे विधायक सफाई अभियान चलाते हैं। ये बहुत अच्छी बात है। वह अपने आसपास और हल्के को साफ रखते हैं। हमें पता चला है कि उनका रुझान खेती और प्राकृतिक खेती की ओर है। ये तीनों बातें हमारे विधायक की बहुत बढि़या हैं। खुले मंच से कहते हैं कि अगर विधायक भाजपा में घुटन महसूस कर रहे हैं तो कांग्रेस पार्टी उनका साथ देने के लिए तैयार है। इस कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला भी आए हुए थे। इस बारे में जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर का कहना है कि वह भाजपा विधायक पर व्यंग करना चाह रहे थे कि विधायक का काम सफाई का नहीं होता। उन्हें तो रोजगार की बात करनी चाहिए। संवाद