कैथल। अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने शुक्रवार को ढांड रोड स्थित किसान भवन में कार्यकर्ताओं संग बैठक की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि खरीफ फसल 2024-25 का एमएसपी लागत का 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का वादा केंद्र सरकार ने पूरा नहीं किया। उन्होंने भाजपा सरकार को किसान विरोधी करार दिया। साथ ही कहा कि भाजपा का डीएनए ही किसान विरोधी है।
किसान भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं संग बैठक के बाद सुरजेवाला ने प्रेसवार्ता में कहा कि मोदी सरकार किसान से दो बड़े वादे कर सत्ता में आई। इसमें पहला वादा था कि किसानों को लागत का 50 प्रतिशत बढ़ाकर एमएसपी निर्धारित करना। दूसरी वादा था कि एमएसपी निर्धारण के फॉर्मूले से देश के 62 करोड़ किसानों की आय दोगुनी करना। उन्होंने कहा कि किसानों के संबंध में भाजपा की ओर से की गई दोनों बातें सफेद झूठ साबित हुईं हैं। खरीफ की फसलों पर एमएसपी निर्धारित करते हुए मोदी सरकार ने न तो भाजपा शासित प्रांतों की सिफारिश मानी और न ही लागत के 50 प्रतिशत लाभ का ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न तो किसानों की फसलों के लिए समर्थन मूल्य का कानून बना रही है, न किसानों को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार लागत का 50 प्रतिशत अधिक मुनाफा दे रही है।