कैथल। कलायत के एएसआई विनोद कुमार के नेतृत्व में जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी शिवम भारद्वाज उर्फ कालू पंडित, निवासी कलायत को नियमानुसार गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, फतेहाबाद की टीम ने 6 मई को कलायत बस अड्डे के पास से कलायत निवासी सागर और नवीन को 870 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच कलायत थाना पुलिस को सौंपी गई थी। जांच के दौरान आरोपियों सागर और नवीन ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें अफीम शिवम भारद्वाज ने सप्लाई की थी। गौरतलब है कि आरोपी शिवम इससे पहले एक अन्य नशा तस्करी मामले में कैथल जेल में बंद था। न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और पूछताछ पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाद