सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कैथल सहकारी चीनी मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ भी किया। साथ ही बायो फ्यूल ब्रिक्स प्लांट का भी उद्घाटन किया। उन्होंने एलान किया कि कैथल चीनी मिल में चीनी के साथ-साथ गुड़ व शक्कर का उत्पादन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गन्ने के भाव में 10 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। आज देश में सबसे ज्यादा गन्ने का भाव हरियाणा प्रदेश में दिया जा रहा है। इस वर्ष चीनी रिकवरी का लक्ष्य 10.5 रखा गया है और पेराई का लक्ष्य 40 लाख क्विंटल गन्ना किया गया है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गन्ने के भाव में वृद्धि करके किसानों को तोहफा दिया है। इसके साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण व प्रदूषण को खत्म करने की दिशा में किसानों की पराली को 120 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों की सुविधा के लिए मिल के अंदर ही कैंटीन खोली जाएगी, जिसमें 10 रुपए के हिसाब से किसानों को शुद्ध भोजन मिलेगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए जनवरी में फिजिकल वेरिफिकेशन करवाई जाएगी, जिन किसानों का गन्ना बचा होगा, उसे भी खरीदा जाएगा।
शुगर फेड के चेयरमैन रामकरण ने कहा कि किसान पूरी मेहनत से कार्य करें। पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर गोलन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय को दोगुना करने के लिए अनेक कार्य कर रहे हैं। विधायक लीला राम ने सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल का स्वागत कर कहा कि क्षेत्र में गन्ना उत्पादन अच्छी मात्रा में होता है। हरियाणा सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि मिल के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। डीसी सुजान सिंह ने कहा कि पेराई सत्र को समुचित ढंग से चलाया जाएगा। वहं सबसे पहले गन्ना लाने वाले किसान खुराना गांव के कृष्ण कुमार और नैना गांव के सुशील कुमार तथा केन परचेज सेंटर से गन्ना लेकर आने वाले ट्रक ड्राइवर मेघामाजरा के राजू को शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एडीसी सतबीर सिंह कुंडु, एमडी पूजा चांवरिया, जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, राव सुरेंद्र, रामपाल राणा, नरेश मित्तल, अजीत चहल, भाग सिंह, राजू पाई, कृष्ण शर्मा पिलनी, रामकुमार नैन, श्याम लाल कल्याण, नायब सिंह, बंसी लाल, दीवान सिंह, जितेंद्र कादियान, नीतू, सुभाष बारना, शमशेर सिंह, पृथ्वी सिंह, जोगिंद्र मौजूद रहे।
बायोफ्यूल ब्रिक्ट प्लांट का उद्घाटन
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने लगभग 40 लाख रुपए की लागत से तैयार बायोफ्यूल ब्रिक्ट प्लांट का उद्घाटन किया। इस प्लांट की दैनिक उत्पादन क्षमता 30 टन प्रतिदिन होगी। बैगास गिट्टी को एक आधुनिक ईंधन के रूप में प्रयोग किया जा रहा है।