संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने डीएवी कॉलेज में छात्रों को संबोधित करते हुए जीवन, करियर, लक्ष्य निर्धारण और असफलता के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में क्षमता और योग्यता की कोई कमी नहीं है, लेकिन छोटी-छोटी असफलताएं उनका आत्मविश्वास कमजोर कर देती हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि असफलता कभी अंत नहीं होती, बल्कि यह एक ऐसा ठहराव है जो हमें अपनी गलतियों को पहचानने, उन्हें सुधारने और दोबारा प्रयास करने का अवसर प्रदान करता है। हिम्मत सिंह ने कहा कि सफलता केवल लक्ष्य प्राप्त करना नहीं, बल्कि उस दिशा में निरंतर प्रयास करते हुए आगे बढ़ते रहना ही वास्तविक उपलब्धि है।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विशेष सुझाव देते हुए कहा कि तैयारी में अनुशासन, निरंतरता और अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्टता बेहद जरूरी है। साथ ही, विद्यार्थियों को असफलता से डरने की बजाय उससे सीखने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘कलर्स ऑफ हरियाणा’ थीम पर लोक संगीत आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया, जिसे प्रतिभागियों व अतिथियों ने सराहा।
इस मौके पर डीएवी कॉलेज पुंडरी के प्राचार्य डॉ. राजेश तूरान, डीएवी स्कूल चीका की प्राचार्या श्रीमती सांध्य बाटला, सहित कॉलेज स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।