कैथल। डाकघर में नकली खाते खोल कर लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी पूर्व सब पोस्टरमास्टर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता प्रदीप नैन ने बताया कि अधीक्षक डाक मंडल कुरुक्षेत्र तारांचद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि जिला जींद के चांदपुर निवासी राजेश राजौंद में 26 अप्रैल 2016 से 29 नवंबर 2018 तक सब पोस्ट मास्टर के पद पर तैनात रहा। इस दौरान आरोपी राजेश ने नकली खाते खोल कर व जाली हस्ताक्षर करके करीब साढ़े 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। जिस बारे थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी राजेश को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई जारी है।