कैथल। कस्बे के असंध रोड पर जाखौली गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार की टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार हरियाणा पुलिस के एसआई सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की मौत हो गई। वह राजौंद थाने में तैनात थे और मंगलवार को कोर्ट से संबंधित कार्यों को निपटाने के बाद वापस कैथल थाने में जा रहे थे। गांव जाखोली व किछाना कुई के बीच पहुंचने पर एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम एसआई को सिविल अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और उनके बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
राजौंद थाना एसएचओ राजकुमार ने बताया कि कृष्ण कुमार पहले इकानामिक सेल में कार्यरत थे। 15 दिन पहले ही वे ट्रांसफर होकर राजौंद थाने में आए थे। एक लापरवाह तेज रफ्तार ट्रक चालक ने मंगलवार को उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार पलट गई और कृष्ण कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी मौके से भाग गया। हादसे में एसआई की मौत हो गई। ट्रक गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रहा था। ट्रक से बचने के लिए एसआई ने गाड़ी को बिल्कुल सड़क किनारे कर दिया, फिर भी ट्रक ने टक्कर मार दी। राजकुमार ने बताया कि सब इंस्पेक्टर कृष्ण के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे व एक बेटी है। बड़े बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है। छोटा बेटा अभी अविवाहित है। वह रोहतक के निंदाना गांव के रहने वाले थे वर्तमान समय में उनका परिवार जींद में रहता है। एसपी कैथल उपासना के अलावा अन्य कर्मचारियों ने भी उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने 23 सितंबर 1989 को बतौर सिपाही पुलिस में ज्वॉइनिंग की थी। उनकी रिटायरमेंट 31 अगस्त 2029 को होनी थी। पहले वे भागल चौकी में भी इंचार्ज रहे हैं।