कैथल। सिविल लाइन थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में निलंबित कर दिया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी एसआई के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं एसीबी ने वीरवार शाम आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जरूरी पूछताछ के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
झगड़े के केस से नाम निकालने के बदले मांगे थे 40 हजार
मामला 24 सितंबर को देवीगढ़ रोड स्थित सुभाष नगर में हुए लड़ाई-झगड़े से जुड़ा है। सुभाष नगर निवासी साहिल कुमार ने शिकायत दी थी कि इस मामले में उसका नाम शामिल कर दिया गया था। आरोप है कि केस से उसका नाम बाहर निकालने के बदले सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने उससे 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद साहिल कुमार ने एसीबी से संपर्क कर शिकायत दी।
25 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। आरोपी सब इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता को रकम लेकर सिविल लाइन थाना में ही बुलाया था। योजना के अनुसार साहिल कुमार 25 हजार रुपये लेकर थाने पहुंचा। जैसे ही राजेश कुमार ने उससे रिश्वत की रकम ली, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
एसीबी की कार्रवाई के दौरान एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौके पर मौजूद रहे। एसीबी कैथल के इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि साहिल कुमार ने कार्यालय में शिकायत देकर कहा था कि झगड़े के मामले से उसका नाम हटाने के लिए एसआई की ओर से पैसे मांगे जा रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई की और आरोपी सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते पकड़ लिया। एसीबी कैथल थाना प्रभारी सूबे सिंह सैनी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि सब इंस्पेक्टर राजेश को निलंबित कर दिया है।