संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत के श्री कपिल मुनि राजकीय महिला कॉलेज में पढ़ाई कर रही छात्राओं के लिए राहत भरा समाचार है। अब उच्चतर शिक्षा विभाग ने यहां पर एमए अंग्रेजी का कोर्स शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत अब एमए अंग्रेजी में 40 सीटें दी है। ऐसे में यहां पर बीए में पढ़ाई कर रही छात्राएं इसी कॉलेज से एमए अंग्रेजी में पढ़ाई कर पाएंगी।
गौरतलब है कि इस समय इस कॉलेज में एमकॉम की ही महज 30 सीटें संचालित की जा रही हैं। अब यहां पर एमए अंग्रेजी की 40 सीटें मिलने के बाद पीजी कोर्साें में 70 सीटें हो जाएंगी। इस समय यूजी कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया लगभग खत्म हो चुकी है परंतु पीजी की कक्षाओं में मिशन एडमिशन के तहत दाखिला प्रक्रिया लगातार जारी है।
यूजी में भी हैं 400 सीटें, इसमें 320 बीए और 80 हैं बीकॉम की ः इस समय श्री कपिल मुनि राजकीय महिला कॉलेज में यूजी कोर्साें की भी 400 सीटें हैं। इसमें से 320 सीटें बीए संकाय और 80 सीटें बीकॉम संकाय की है। अब पीजी कोर्सों में एमकॉम का नया कोर्स शुरू होने के बाद छात्राओं को कॉलेज में और अधिक सुविधाएं मिल पाएंगी। कलायत क्षेत्र में 20 किलोमीटर के आस-पास अन्य कोई भी महिला कॉलेज स्थापित नहीं है। ऐसे में इस क्षेत्र की छात्राओं की पहली पसंद कलायत का राजकीय कॉलेज की रहता है।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने कलायत के श्री कपिल मुनि राजकीय महिला कॉलेज में इसी सत्र से एमए अंग्रेजी का कोर्स शुरू करने का फैसला लिया है। इस सत्र के लिए अभी पीजी कोर्साें में मिशन एडमिशन के तहत दाखिला प्रक्रिया जारी है। ऐसे में एमए अंग्रेजी का कोर्स भी छात्राएं इसी सत्र से कर पाएंगी। - डॉ. राजेश सैनी, जिला नोडल अधिकारी, उच्चतर शिक्षा विभाग, कैथल।