कैथल। आरकेएसडी पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 74वें स्थापना दिवस पर संगोष्ठी आयोजित की गई। समारोह में मुख्य अतिथि प्रबंधन समिति के प्रधान साकेत मंगल एडवोकेट रहे। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूरे विश्व में अपने श्रेष्ठ संस्कारों से विद्यार्थियों व शिक्षकों के भाव जगा रहा है। मुख्य वक्ता विभाग प्रमुख नरेंद्र जिंदल ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनका पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्याम बंसल रहे। इससे पूर्व मुख्य अतिथियों व वक्ताओं ने मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कमल एवं आदित्य ने देशभक्ति का गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने की। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रों में चरित्र निर्माण का कार्य करता है। किसी भी राष्ट्र की उन्नति के लिए विद्यार्थियों का सुदृढ़ होना अति आवश्यक है।
इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री कंचन डागर ने बताया कि नौ जुलाई 1949 को परिषद की स्थापना हुई। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में दो वर्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को लेकर चलने चाहिए। डॉ. बिजेंद्र कुमार ने सभी मुख्य वक्ताओं एवं अतिथियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में कैथल नगर इकाई की घोषणा की गई। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।